अल्मोड़ा: आगामी छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस प्रशासन ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के प्रबंधन के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।
की गोष्ठी
इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की, साथ ही चुनाव के दौरान माहौल खराब करने वालों को सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। सोबन सिंह जीना परिसर में आयोजित इस गोष्ठी में सीओ अल्मोड़ा भावना कैंथोला और कोतवाली अल्मोड़ा के प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय ने कॉलेज के प्रोफेसरों, निर्वाचन अधिकारियों तथा छात्र-छात्राओं के साथ चुनाव की तैयारियों और कानून-व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। गोष्ठी के दौरान अल्मोड़ा पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वे चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखें, अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर बिल्कुल ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में यदि किसी ने भी शांति भंग करने या अराजकता फैलाने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।