उत्तराखंड: भव्य जनउत्सव‌ के साथ आयोजित होगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, खेल, रक्तदान और साहसिक गतिविधियों से जुड़ेंगे आम जन

उत्तराखंड: उत्तराखंड में इस बार 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस वर्ष इसे एक भव्य जनउत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

भव्य होगा स्वतंत्रता दिवस

इसके लिए शासन ने प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खेल प्रतियोगिताओं, रक्तदान शिविरों, वृक्षारोपण और साहसिक गतिविधियों के आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य और जिला स्तर पर मैराथन, साइकिल व बाइक रैली, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ जल संरक्षण और व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाए जाएं। इसके अलावा, राज्य के प्रमुख शहरों में सेना, पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और एनसीसी बैंड के विशेष संगीतमय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

दी यह जानकारी

​सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
​इससे पूर्व, मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9:00 बजे और अन्य जिलों में जिलाधिकारी सुबह 9:30 बजे जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। देहरादून के सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों में भी सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण का समय तय किया गया है।‌ समारोह को खास बनाने के लिए 14 अगस्त की शाम 6:00 से रात 9:00 बजे तक और 15 अगस्त की सुबह 6:00 से 11:00 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति के गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त की शाम प्रदेश मुख्यालय में भव्य कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन भी होगा। तैयारियों के तहत सभी प्रमुख सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा। वहीं, प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, राष्ट्रगान, खेलकूद, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और प्रदर्शनी आयोजित की जाएंगी।