उत्तराखंड: चमोली के पीपलकोटी परियोजना हादसे की होगी जांच, तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का हुआ गठन

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीबीएम साइट पर मंगलवार को देर शाम बड़ा हादसा हुआ।

लोको ट्रेन और एक सामान ढोने वाली ट्रेन के में टक्कर

जिसमें विष्णुगाड पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की पीपलकोटी सुरंग में श्रमिकों और अधिकारियों को लेकर जा रही एक लोको ट्रेन और एक सामान ढोने वाली ट्रेन आपस में टकरा गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शिफ्ट परिवर्तन के दौरान सुरंग के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों के बीच टक्कर हुई। इस हादसे के समय 109 श्रमिक सुरंग के भीतर मौजूद थे। जिसमें से 60 घायल हो गए‌। इस संबंध में चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर है।

जांच के लिए जांच समिति का गठन

वहीं चमोली जिले में टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना साइट पर मंगलवार रात हुए हादसे में जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। टीएचडीसी प्रबंधन के अनुसार प्राथमिक जांच में यह दुर्घटना मानवीय भूल के कारण होने की बात सामने आई है। बताया कि जांच के लिए कारपोरेट और परियोजना से जुड़े तीन लोगों की कमेटी बनाकर सात दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।