उत्तराखंड: प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और धार्मिक स्थलों के कायाकल्प के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 17.38 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
धनराशि स्वीकृत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बजट से राज्य के कई हिस्सों में मंदिरों व मेला स्थलों के सुंदरीकरण, हेलीपैड निर्माण, सड़क एवं पुलों के सुधारीकरण और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को इस स्वीकृति में शामिल किया गया है।
प्रमुख स्वीकृत योजनाएं और बजट
• किच्छा: गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय परिसर की सड़कों के सुधारीकरण के लिए सर्वाधिक 4.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
• धर्मपुर: जाट भवन के निर्माण के लिए 1.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
• पुरोला: आपदा प्रबंधन और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए फिताड़ी गांव में हेलीपैड निर्माण हेतु 1.08 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
• चंपावत: ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सुंदरीकरण के लिए 1.09 करोड़ (109.88 लाख) रुपये और ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला में सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 55.16 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई गूल निर्माण के लिए भी बजट दिया गया है।
• नई टिहरी: नवदुर्गा मंदिर के सुंदरीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
• कर्णप्रयाग: ऐतिहासिक कर्ण मंदिर के जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण को 99.71 लाख रुपये दिए गए हैं।
• डीडीहाट: रसैपाटा स्थित भगवती मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये मंजूर हुए हैं, साथ ही क्षेत्र में मोटर मार्ग के उच्चीकरण का कार्य भी होगा।
• केदारनाथ: केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चार मंदिरों के सुंदरीकरण हेतु 49.94 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
बजट का प्रावधान
इसके अलावा मसूरी, डोईवाला, गदरपुर और पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्रों में भी सड़क, नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्यों और पुलों के सुधारीकरण के लिए बजट का प्रावधान किया गया है।