उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के रूड़की से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ दिनों पूर्व मंगलौर नहर पटरी पर हुई मंगलौर के घोसीपुरा के ग्रामीण प्रदीप की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिविल लाइंस कोतवाली में बीते कल रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को कांवड़ पटरी पर एक ग्रामीण का शव पड़ा होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त प्रदीप निवासी घोसीपुरा के रूप में हुई। उसकी गला दबाकर हत्या की गई। साथ ही सिर पर चोट के निशान भी थे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपित की पहचान कर ली, जोकि घटना के दिन मृतक की बाइक पर बैठा हुआ था। पुलिस ने उसको देवबन्द तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपित ने अपना नाम विनायक त्यागी निवासी ग्राम बरला, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर उप्र बताया। आरोपित ने बताया कि वह वर्तमान में ज्वालापुर में रह रहा है। उसने बताया कि शराब पीने के लिए बैठे थे। तभी विनायक को इस बात की जानकारी मिल गई कि प्रदीप के पास 20 हजार रुपये है। जिस पर उसने प्रदीप का गला दबा दिया। इसके बाद पत्थर से उसका सिर पर वार कर हत्या कर दी और रुपये लेकर मौके से भाग निकला।
नशे ने किया बर्बाद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विनायक नशे का आदी है जबकि वह पढ़ने में होशियार था। दून इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस देहरादून से उसने स्नातक किया है। 2019 में मिस्टर उत्तराखंड का खिताब भी अपने नाम कर चुका हैं, लेकिन नशे ने उसको बर्बाद कर दिया।