उत्तराखंड: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आगामी 14 जून, 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय अर्हता परीक्षा के एक परीक्षा केंद्र के नाम में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है।
दी यह जानकारी
इस संबंध में आयोग ने इस लिपिकीय त्रुटि का संज्ञान लेते हुए बुधवार, 10 जून को एक आवश्यक संवाद (विज्ञप्ति) जारी कर उम्मीदवारों को स्थिति स्पष्ट की है। आयोग द्वारा जारी पत्र संख्या-परीक्षा/122/2026-27 के अनुसार, जनपद चमोली के अंतर्गत आने वाले परीक्षा केंद्र संख्या-1111 (राजकीय शहीद सैनिक अजय लाल इण्टर कॉलेज, थिरपाक) के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र के विवरण में गलती से ‘थिरपाक’ के साथ ‘पोखरी’ अंकित हो गया था। इसके बाद शुद्धि के प्रयास में पोखरी के स्थान पर ‘नन्दप्रयाग’ अंकित कर दिया गया। भ्रम की स्थिति को दूर करते हुए आयोग ने स्पष्ट किया है कि उक्त परीक्षा केंद्र का वास्तविक और सही नाम निम्नलिखित पढ़ा व समझा जाए। जो शहीद सैनिक अजय लाल राजकीय इण्टर कॉलेज थिरपाक, नन्दप्रयाग विकासखण्ड-कर्णप्रयाग, जिला-चमोली है।
अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक निर्देश
आयोग के सचिव एन.एस. डुंगरियाल ने संबंधित केंद्र के सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस बदलाव और सही पते से अवगत हो लें। भ्रम और किसी भी असुविधा से बचने के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर अपना संशोधित प्रवेश पत्र पुनः डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा अपने निर्धारित समय पर 14 जून को ही आयोजित की जाएगी।