उत्तराखंड: उत्तराखंड वन विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी कपिल लाल को राज्य का नया प्रमुख वन संरक्षक नियुक्त किया गया है।
संभाला कार्यभार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस संबंध में शासन द्वारा आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद, उन्होंने मंगलवार शाम को विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। मंगलवार देर शाम वन मुख्यालय स्थित ‘हाफ’ (HoFF) कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें निवर्तमान मुखिया आर.के. मिश्र को भावभीनी विदाई दी गई। इसके बाद आर.के. मिश्र ने नए मुखिया कपिल लाल का स्वागत किया और उन्हें पदभार सौंपा। नए मुखिया के रूप में उनका कार्यकाल वर्ष 2031 तक रहेगा।
सेवानिवृत्ति के बाद हुआ पदस्थापन
गौरतलब है कि विभाग के निवर्तमान प्रमुख वन संरक्षक आर.के. मिश्र 30 जून को सेवानिवृत्त हुए थे। उनके पद से हटने के बाद रिक्त हुए इस महत्वपूर्ण पद के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में सर्वसम्मति से 1993 बैच के वरिष्ठ IFS अधिकारी कपिल लाल के नाम पर मुहर लगाई गई, जिसे उच्च स्तर से अनुमोदन मिलने के बाद मंगलवार दोपहर को औपचारिक रूप से जारी कर दिया गया।