नैनीताल: नैनीताल जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोकने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।
प्रशासन की पहल
इसके तहत आज 1 जुलाई 2026 से पूरे जिले में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम को प्रभावी ढंग से लागू कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक अब जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पहुंचने वाले दोपहिया वाहन चालकों को ईंधन नहीं दिया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने इस बाबत जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र जारी कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे
पेट्रोल पंपों पर लगाए गए हैं जागरूकता बोर्ड
इस नियम को लागू करने के लिए जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के विशेष जागरूकता बोर्ड लगा दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, नैनीताल जनपद के प्रवेश मार्गों पर भी सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि पर्यटकों और बाहरी वाहन चालकों को भी जिले के यातायात नियमों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।