उत्तराखंड: जून का महीना चल रहा है। जिसमें मानसून के सीजन में वन्यजीवों की सुरक्षा व तस्करों के बढ़ते खतरों को देखते हुए उत्तराखंड वन विभाग ने एक अभेद्य चक्रव्यूह तैयार किया है।
चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वन मुख्यालय के दिशा-निर्देशों पर विश्व प्रसिद्ध कार्बेट टाइगर रिजर्व और राजाजी टाइगर रिजर्व समेत सभी वन्यजीव बहुल क्षेत्रों में “ऑपरेशन मानसून” का शंखनाद कर दिया गया है। अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) विवेक पांडे के अनुसार, इस बार सुरक्षा घेरे को इतना मजबूत बनाया गया है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। साथ ही रिजर्व के भीतर 13 पालतू हाथियों को वर्षाकाल में गश्त के लिए तैनात किया गया है। इसके साथ ही आसमान से नजर रखने के लिए 14 हाईटेक ड्रोन उड़ाए जाएंगे। दुर्गम चौकियों पर तैनात वनकर्मियों के लिए राशन और जरूरी सामग्रियां पहले ही पहुंचा दी गई हैं। निदेशक कोको रोसे के अनुसार, रिजर्व के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 4 हाथियों (दो-दो) की सेवाएं ली जा रही हैं। साथ ही जंगल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 6 ड्रोन भी तैनात किए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश (UP) और हिमाचल प्रदेश की सीमाओं से सटे जंगलों में तीनों राज्यों की टीमें मिलकर सघन संयुक्त गश्त करेंगी। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के चुनौतीपूर्ण रास्तों और कीचड़ भरे रास्तों पर ऑल टेरेन व्हीकल (ATV) से पेट्रोलिंग की जाएगी।