उत्तरकाशी: आगामी शीतकालीन यात्रा और यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. श्याम विजय ने विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का दो दिवसीय औचक निरीक्षण किया।
किया निरीक्षण
इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया। जिसमें निरीक्षण के पहले दिन सीएमओ ने यमुनाघाटी स्थित स्क्रीनिंग केंद्र दोबाटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खरादी, राणाचट्टी और जानकीचट्टी का दौरा किया। उन्होंने अस्पतालों में ओपीडी संचालन, डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की स्थिति की जांच की। सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य इकाइयों में आवश्यक दवाइयों और उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
बताई प्राथमिकता
इसके अलावा उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर स्थित मेडिकल रिलीफ पोस्ट और फर्स्ट मेडिकल रिस्पॉन्डर (बमबूहाट, राम मंदिर व भंडेलीगाड़) का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं को देखा। उन्होंने तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि आपात स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार दें और आवश्यकता पड़ने पर मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था रखें। निरीक्षण के दूसरे दिन सोमवार को डॉ. श्याम विजय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्रह्मखाल और कल्याणी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय परिसर और वहां लगे सूचना बोर्डों की नियमित साफ-सफाई पर जोर देते हुए अस्पताल को मरीज-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि शीतकालीन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
रहें उपस्थित
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी, डॉ. मुकेश राय, डॉ. अखिल राणा, प्रेम भारती और जगमोहन रावत सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।