श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी): हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (HNBGU) का 12वां दीक्षांत समारोह आयोजित होने वाला है।
दीक्षांत समारोह का आयोजन
यह दीक्षांत समारोह आज मंगलवार, 24 मार्च को चौरास परिसर स्थित शैक्षणिक क्रियाकलाप केंद्र में आयोजित किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बताया कि समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
दी जाएगी डिग्रियां
यह दीक्षांत समारोह दो शैक्षणिक सत्रों (2023-24 और 2024-25) के लिए आयोजित किया जा रहा है। जिसमें कुल 6,806 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इस समारोह के लिए 649 छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 472 स्नातकोत्तर और 177 पीएचडी छात्र शामिल हैं। इसके अलावा 105 गोल्ड मेडलिस्ट्स में से पंजीकृत 79 मेधावियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
इस बार यह होगा खास
इस समारोह में इस बार छात्र पारंपरिक पहाड़ी अंगवस्त्र (स्कार्फ) पहनकर अपनी डिग्रियां लेंगे, जो राज्य की संस्कृति को दर्शाएगा। यह पहली बार होगा जब सभी पीएचडी उपाधिधारकों को मंच से डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय के आधिकारिक ‘कुलगीत’ का इसी अवसर पर विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा पत्रकारिता एवं जनसंचार (MA) के तीनों परिसरों के टॉपर को दानदाताओं की ओर से 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।