उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का बीते कल मंगलवार को शुभारंभ किया।
सीएम ने किया शुभारंभ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनहितकारी व स्वरोजगार योजनाओं की पूरी जानकारी (पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया) एक ही जगह सरल भाषा में दी गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अधिकारी सरकारी निर्देशों को सरल भाषा में जारी करें ताकि आम जनता इन्हें आसानी से समझ सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को केंद्र से विशेष सहयोग मिल रहा है, जिससे राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मिशन एप्पल और एरोमा वैली जैसी योजनाओं से युवाओं व महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर बन रहे हैं।
दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचेगी जानकारी
वहीं विभाग के सचिव दीपक कुमार ने बताया कि इस पुस्तक के डिजिटल और 4 प्रिंट संस्करणों के बाद अब इसके ऑडियो संस्करण को आकाशवाणी और अन्य रेडियो स्टेशनों के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा, ताकि दूरदराज के लोगों तक भी यह जानकारी पहुंच सके।