उत्तराखंड: उत्तराखंड ने आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों में अपने पिछले शानदार प्रदर्शन को दोहराने और पदक तालिका में और ऊपर चढ़ने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं।
तैयारियां तेज
इसके लिए राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय मानक के उपकरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दीपावली के पर्व के तुरंत बाद विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार इस संबंध में बीते दिनों गुरुवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में खेल संघों के प्रतिनिधियों और उच्च विभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई थी। जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य की तैयारियां व्यापक, मजबूत और पूरी तरह सुनियोजित होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास रहेगा कि राज्य की भागीदारी केवल कुछ चुनिंदा खेलों तक सीमित न रहे, बल्कि सभी खेल विधाओं में उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का समान अवसर मिले।”
जीते थे इतने पदक
उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खिलाड़ियों की सूची के साथ-साथ उनके प्रशिक्षण, योग्य प्रशिक्षकों, फिजियोथेरेपिस्ट, खेल पोषण, आधुनिक उपकरणों और अन्य लॉजिस्टिक आवश्यकताओं का विस्तृत ब्योरा जल्द से जल्द विभाग को सौंपें। इससे खेल विभाग समय रहते सभी जरूरी प्रबंध पूरे कर सकेगा। गौरतलब है कि उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के एथलीटों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। तब उत्तराखंड पदक तालिका में 25वें स्थान से सीधी छलांग लगाते हुए सीधे 7वें स्थान पर पहुंच गया था। अब खेल विभाग और राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों में इस कीर्तिमान को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रचना है।