उत्तराखंड: भारी बारिश का रेड अलर्ट: मौसम विभाग की चेतावनी के बाद केदारनाथ यात्रा दो दिनों के लिए स्थगित, मौसम साफ होने पर होगी बहाल

​

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा और केदारनाथ धाम की यात्रा को 26 सितंबर दोपहर से 27 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है।

यात्रियों से सुरक्षित स्थानों में रहने की अपील

जानकारी के अनुसार यह कदम देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
​जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष विशाल मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम के मिजाज को देखते हुए यात्रा को आज दोपहर से कल तक रोकने का फैसला लिया गया है।
​प्रशासन ने यात्रा मार्ग के सभी सेक्टर अधिकारियों, चेक पोस्टों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। जिला मजिस्ट्रेट ने श्रद्धालुओं को आश्वासन दिया है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, स्थिति का जायजा लेकर केदारनाथ धाम यात्रा को फिर से शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।