उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले बढ़ते जा रहे हैं। देहरादून जिले में शुक्रवार को 25 सैंपलों की जांच में 8 लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है।
इतने मामले आए सामने
मिली जानकारी के अनुसार नए संक्रमितों में 2 मरीज देहरादून और 6 अन्य जिलों के रहने वाले हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 1 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुआ है और किसी की मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग की आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अब तक लिए गए 173 सैंपलों में से 67 मरीज पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें 43 मरीज देहरादून के हैं। वर्तमान में 21 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है, जबकि 41 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 5 मरीजों की मौत दर्ज की गई है, जिनकी मृत्यु का आधिकारिक कारण ‘डेथ ऑडिट’ के बाद स्पष्ट होगा।
बरतें सावधानी
भीड़भाड़ वाली और कम वेंटिलेशन वाली जगहों पर मास्क का प्रयोग करें। हाथों को साबुन-पानी से 20 सेकंड तक धोएं या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। स्वाइन फ्लू एक वायरल संक्रमण है, इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या कोई अन्य दवा न लें। लक्षण दिखने के 48 घंटे के भीतर जांच कराएं।
बुजुर्ग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और हृदय, किडनी, शुगर या फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोग भीड़भाड़ में जाने से बचें।डॉक्टरों ने कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को हर साल डॉक्टर की सलाह पर ‘फ्लू वैक्सीन’ लगवाने का सुझाव दिया है।