April 20, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

ईगास बग्वाल पर्व पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश….उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (११ नवंबर)

◆ आज मुख्यमंत्री जनपद हरिद्वार के गैंडीखाता क्षेत्र स्थित श्री कृष्णायन देशी गोरक्षाशाला बसोचन्दपुर में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत विकासखण्ड बहादराबाद की विभिन्न पम्पिंग पेयजल योजनाओं का शिलान्यास किया।

◆ दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले ईगास बग्वाल पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

◆ मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक तीन वर्ष में उत्तराखंड के पर्यावरण संरक्षण की जमीनी हकीकत बयां करती एक विस्तृत रिपोर्ट सर्वे ऑफ इंडिया से तैयार करवाएं।

◆ मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार 12 नवंबर से राज्य के मैदानी क्षेत्रों में विशेषकर ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार जिले में कोहरा छाने की संभावना है।

◆ मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. सन्धु ने गुरुवार को सचिवालय में खाद्य पदार्थों में मिलावट के सम्बन्ध में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक ली, जिसमें अधिकारियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए ठोस योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठ पर्व पर सार्वजनिक छुट्टी के बाद इगास बग्वाल में भी राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी दी कि इगास पर छुट्टी रहेगी। मुख्यमंत्री ने पहाड़ी अंदाज में इसकी जानकारी दी।

◆ महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव अनुपमा रावत ने आज देहरादून में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 40 प्रतिशत टिकट की मांग की।

◆ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बागेश्वर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए युवा कल्याण, शिक्षा और खेल विभाग द्वारा खेल महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत कबड्डी, खो-खो, फुटबाल, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जा रहा है।

◆ अल्मोड़ा जिले में रानीखेत के ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में 274 प्रशिक्षु आज थल सेना में शामिल हुए। इस दौरान सेना की कुमाऊं और नागा रेजीमेंट के कर्नल ऑफ द रेजीमेंट लेफ्टिनेंट जनरल आर पी कलीता ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

◆ केन्‍द्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मांडविया ने हर घर दस्‍तक अभियान को आगे ले जाने के लिए सभी राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रियों के साथ बैठक की। इस अभियान का उद्देश्‍य कोविडरोधी वैक्‍सीन की पहली डोज न लेने वाले सभी वयस्‍कों का टीकाकरण सुनिश्चित करना है।