उत्तराखंड टॉप टेन न्यूज़ (17 सितंबर, भाद्रपद, शुक्ल एकादशी , .सं. 2078)

◆ सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में प्रसिद्ध ऐतिहासिक और पौराणिक नंदा देवी मेले का आज मां नंदा-सुनंदा की भव्य डोली शोभा यात्रा के साथ समापन हो गया। शोभा यात्रा से पूर्व परंपराअनुसार चंद वंशीय कुल की बहू द्वारा मां नंदा-सुनंदा की डोली का पूजन किया गया।

◆ पौड़ी जिले के राजकीय बालिका इंटर कालेज पैडुल की कक्षा दसवीं की छात्रा प्रिंसी ने देश के बाल वैज्ञानिकों का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय इंस्पायर अवार्ड जीता है। प्रिंसी का विज्ञान मॉडल देश के सर्वश्रेष्ठ 60 मॉडलों में शामिल हुआ है।

◆ हिमांचल प्रदेश की तर्ज पर अब प्रदेश विधानसभा में भी ई-विधानसभा प्रणाली लागू करने की कवायद शुरु हो गई है। इसको लेकर आज विधानसभा में अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। ई- विधानसभा मॉडल में विधानसभा के सभी रिकॉर्डस डिजिटल होंगे।

◆ भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने आज देहरादून में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ही नेतृत्व में लड़ा जायेगा। 2022 में सरकार आने के बाद पुष्कर सिंह धामी ही भाजपा के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर #COVID19 टीकाकरण अभियान को राज्य में युद्धस्तर पर चलाने की पहल करते हुए गांधी शताब्दी हॉस्पिटल, देहरादून में वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया।

◆ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहकारी बैंक की 10 मोबाइल एटीएम वैन का फ्लैग ऑफ किया। ये एटीएम वैन राज्य के विभिन्न जनपदों में जाकर लोगों को पैसे निकालने की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा से राज्य में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा।

◆ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 19 सिंतबर को हल्द्वानी में रोड शो करेंगे।

◆ कालाढूंगी: भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत का काफिला रोक दिया और काले झंडे दिखाकर नारेबाजी करने लगे।

◆ वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी देहरादून: यदि गंगा व उसकी सहायक नदियों द्वारा निकले अवसाद (सेडिमेंट) बांग्लादेश के समुद्रतटीय इलाकों तक न पहुंचें तो वहां कटान से गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

◆ आगामी 21 सितंबर से कक्षा से एक से पांचवीं तक के सभी स्कूल खोल दिए जाएंगे।