उत्तराखंड को मिलेगा पहला भव्य यमुना घाट,  जानें कब तक पूरा होगा हरिपुर कालसी घाट का निर्माण कार्य


उत्तराखंड: उत्तराखंड के धार्मिक पुनर्जागरण मॉडल के तहत देहरादून के हरिपुर कालसी में राज्य का पहला और भव्य यमुना घाट तैयार हो रहा है।

निर्माण कार्य जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए हैं। जिस पर माना जा रहा है कि आगामी जुलाई माह तक इस भव्य घाट का निर्माण कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से हरिपुर में सदियों पुरानी लुप्त हो चुकी तीर्थ परंपरा एक बार फिर पुनर्जीवित होने जा रही है।हरिपुर कालसी में बन रहा यह घाट आने वाले समय में आस्था और पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बनेगा। उल्लेखनीय है कि इस बहुप्रतीक्षित घाट का शिलान्यास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर किया था।

स्थापित होगी मूर्ति

​देवभूमि उत्तराखंड में यमुना नदी का उद्गम स्थल (यमुनोत्री धाम) होने के बावजूद अब तक राज्य में इस नदी पर ऐसा कोई बड़ा या भव्य घाट नहीं था, जहां श्रद्धालु बड़े स्तर पर धार्मिक अनुष्ठान या स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री धामी ने इस कमी को दूर करने के लिए इसे अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया। करीब एक किलोमीटर लंबा यह घाट उत्तराखंड में यमुना नदी पर बनने वाला पहला विशाल घाट होगा, जहां एक साथ हजारों श्रद्धालु स्नान, ध्यान और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। घाट निर्माण के साथ-साथ वहां मौजूद पुराने पुल के पिलर पर 25 फीट ऊंची मां यमुना की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, घाट के समीप मंदिर निर्माण के लिए दान में भूमि भी प्राप्त हो चुकी है, जिस पर आगे की कार्ययोजना बनाई जा रही है।