उत्तराखंड: पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उत्तराखंड शासन ने आज, 28 मार्च 2026 को प्रदेशभर में ‘अर्थ ऑवर’ (Earth Hour) मनाने का निर्णय लिया है।
लिया यह निर्णय
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके तहत राज्य के नागरिकों से शनिवार रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें और बिजली के उपकरण बंद रखने की अपील की गई है। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह वैश्विक अभियान जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का एक प्रयास है। WWF इंडिया, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
लोगों से अपील
सरकार ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग से सहयोग मांगा है। जनताघरों में गैर-जरूरी बल्ब और उपकरण बंद रखें। सभी कार्यालयों में अनावश्यक बिजली का उपयोग न करें। शोरूम, साइनबोर्ड और अन्य व्यावसायिक लाइटें बंद रखने का आह्वान। शैक्षणिक और निजी संस्थान भी इस मुहिम का हिस्सा बनें। ‘अर्थ ऑवर’ एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का अभियान है, जिसमें स्वेच्छा से बिजली की खपत कम करके ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को कम करने का प्रयास किया जाता है। उत्तराखंड शासन का मानना है कि इस पहल से न केवल भारी मात्रा में ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि प्रदेश के नागरिक पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अपनी भूमिका को समझ सकेंगे।