उत्तरकाशी: केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन: भारी बर्फबारी के बीच फंसे 12 में से 4 लोग सुरक्षित निकाले, 8 अभी भी लापता

​उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के प्रसिद्ध केदारताल ट्रैक पर भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण एक 12 सदस्यीय ट्रैकिंग दल संकट में फंसा है।

चला संयुक्त अभियान

मिली जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन और बचाव टीमों (SDRF, NDRF, पुलिस, और वन विभाग) के संयुक्त अभियान के तहत अब तक 4 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 7 ट्रैकर्स और 1 गाइड समेत कुल 8 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त विवरण के अनुसार, 7 ट्रैकर्स, 1 गाइड, 1 कुक और 3 पोर्टरों का यह 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को वन विभाग से विधिवत अनुमति लेकर गंगोत्री से केदारताल के लिए निकला था। योजना के मुताबिक, दल को 29 अक्टूबर तक गंगोत्री वापस लौटना था। हालांकि, रास्ते में मौसम के अचानक बिगड़ने और भारी बर्फबारी के कारण पूरा दल भोजखरक के पास फंस गया। घटना की जानकारी 30 अक्टूबर की रात जिला प्रशासन को मिली, जिसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
​

4 लोग सुरक्षित निकाले गए

त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू टीम ने डांग कैंप के पास से 3 पोर्टरों और 1 कुक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इसके बाद बाकी बचे 7 ट्रैकर्स और गाइड की तलाश में पैदल और हवाई तलाशी अभियान तेज कर दिया गया। 31 अक्टूबर को SDRF की विशेष टीम गंगोत्री से भोजखरक तक पहुंच गई थी, लेकिन आगे भारी हिमस्खलन होने और रास्ता पूरी तरह बर्फ से ढका होने के कारण मार्ग अवरुद्ध मिला। लापता लोगों की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए केदारताल क्षेत्र में हवाई रेकी की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। 1 नवंबर को भी यूकाडा (UCADA) के हेलीकॉप्टर की मदद से SDRF जवानों ने दोबारा हवाई खोज अभियान चलाया। हालांकि, इलाके में छाई घनी धुंध और प्रतिकूल मौसम के चलते हेली ऑपरेशन को स्थगित करना पड़ा।

​मौसम साफ होने का इंतजार

फिलहाल, SDRF की स्पेशल माउंटेन रेस्क्यू टीम, मेडिकल टीम और ‘सोल सीकर’ ट्रैकिंग एजेंसी के चार सदस्यों का एक पैदल दल घटनास्थल की ओर रवाना किया गया है। 12अधिकारियों का कहना है कि मौसम के साफ होते ही लापता 8 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा।