उत्तराखंड से जुड़ी खबर है। खबर है कि उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में अब मोबाइल पर दिखाया गया पहचान-पत्र व पास भी मान्य होगा।प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि डिजीलॉकर में रखा गया पहचान-पत्र व पास भी मान्य होगा।
उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में अब मोबाइल पर दिखाया गया पहचान-पत्र व पास भी होगा मान्य
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत विभिन्न श्रेणी में मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रहे उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में अब मोबाइल पर दिखाया गया पहचान-पत्र व पास भी मान्य होगा। निगम मुख्यालय को शिकायत मिली है कि बसों में परिचालक मोबाइल पर दिखाए गए पहचान-पत्र और पास के आधार पर मुफ्त यात्रा की सुविधा देने से मना कर रहे। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि डिजीलॉकर में रखा गया पहचान-पत्र व पास भी मान्य होगा।निगम के महाप्रबंधक (संचालन) दीपक जैन की ओर से शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए। साथ ही चेतावनी दी गई कि इसके बाद भी अगर कोई परिचालक किसी यात्री को प्राप्त मुफ्त यात्रा की सुविधा देने से मना करता है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इन सभी को है मुफ्त यात्रा का प्रविधान
बता दें कि जनकल्याणकारी योजना के तहत निगम की साधारण बसों में छात्राओं, 65 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागिरकों, 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं, राज्य आंदोलनकारियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित, दिव्यांगजन, सैन्य पदक विजेताओं आदि को मुफ्त यात्रा का प्रविधान है।इनके अतिरिक्त सांसद, पूर्व सांसद, विधायक व पूर्व विधायकों को अपने एक सहयोगी के संग व मान्यता प्राप्त पत्रकार को सभी श्रेणी की बसों में मुफ्त यात्रा का प्रविधान भी है। इनमें केवल छात्राओं के लिए पास बनाने की बाध्यता है, जबकि शेष सभी श्रेणी में पहचान-पत्र के आधार पर मुफ्त यात्रा कराई जाती है।