उत्तराखंड: नम आंखों से मां को अंतिम विदाई: अर्थी को कंधा देते हुए छलक पड़े सीएम योगी के आंसू, हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार

हरिद्वार/देहरादून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी (91) का निधन हो गया है। उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार स्थित चंडीघाट पर किया जा रहा है।

निकाली अंतिम यात्रा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित पैतृक गांव पंचूर से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जहां मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे पंचूर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली थी। निधन की सूचना मिलते ही सीएम योगी हेलीकॉप्टर से उत्तराखंड पहुंचे थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वे रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने अन्न-जल ग्रहण नहीं किया। शनिवार को अंतिम यात्रा के दौरान सीएम योगी स्वयं एंबुलेंस में मां के पार्थिव शरीर के साथ करीब 90 किलोमीटर का सफर तय कर हरिद्वार पहुंचे।

​अंतिम संस्कार में उमड़े दिग्गज नेता

चंडीघाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण सुबह ही घाट पर पहुंच गए थे। इस दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, संजय निषाद, धर्मपाल सिंह, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश राणा, अशोक कटारिया और महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव समेत कई नेता हरिद्वार पहुंचे। प्रशासनिक अमले से यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल और अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
​