उत्तराखंड: उत्तराखंड में निर्माण कार्यों के लिए रेत, बजरी और अन्य खनिज सामग्री खरीदने से लेकर खनन पट्टा हासिल करने तक की प्रक्रिया अब ऑनलाइन होने जा रही है।
मिलेगी यह सुविधा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खनन विभाग ने आमजन और कारोबारियों की सुविधा के लिए डिजिटल माध्यम से सेवाओं को सुलभ बनाने की पहल की है। प्रदेश में खनन विभाग प्रमुख राजस्व देने वाले विभागों में शामिल है। ‘उत्तराखंड मिनरल मार्ट’ पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक और निर्माण कार्यों से जुड़े उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार खनिज सामग्री की ऑनलाइन खरीद कर सकेंगे। इसके लिए विभाग ने पंजीकृत स्टॉकिस्ट और स्टोन क्रैशर संचालकों के नाम व संपर्क नंबर वेबसाइट पर अपलोड किए हैं।
• उपभोक्ता सीधे स्टॉकिस्ट या स्टोन क्रैशर संचालकों से बात कर सामग्री की कीमत तय कर सकेंगे।
• इसके बाद संबंधित संचालक निर्माण सामग्री उपभोक्ता के घर तक पहुंचाएंगे।
• इससे सामग्री की आसान उपलब्धता के साथ उचित कीमत पर खरीद की सुविधा मिलेगी।
•
खनन अनुमति व पट्टों के लिए ई-सर्विसेज पोर्टल
विभाग ने खनन क्षेत्र से जुड़ी अन्य सेवाओं को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की व्यवस्था की है। ‘ई-सर्विसेज’ पोर्टल के जरिए इच्छुक आवेदक घर बैठे खनन अनुमति, खनन पट्टा और रिटेल भंडारण से संबंधित सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।