अल्मोड़ा: जनपद अल्मोड़ा में जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव 2026-27 का आयोजन पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) अल्मोड़ा में उत्साहपूर्वक किया गया।
महोत्सव का आयोजन
इस महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 400 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के तहत विज्ञान प्रदर्शनी एवं विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने सात मुख्य उपविषयों— ‘बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)’, ‘हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण’, ‘गणितीय प्रतिरूपण एवं कम्प्यूटेशनल चिंतन’, ‘स्वास्थ्य-स्वच्छता एवं साफ-सफाई’, ‘स्वदेशी कृषि पद्धतियां’, ‘ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान’ तथा ‘आपदा प्रबंधन’ पर आधारित आकर्षक मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के जरिए दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान और आपदा न्यूनीकरण के उपाय सुझाए, वहीं विज्ञान ड्रामा के माध्यम से सामाजिक जागरूकता व वैज्ञानिक दृष्टिकोण का संदेश दिया।
किया आह्वान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) हरक राम कोहली ने बाल वैज्ञानिकों के मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का युग विज्ञान और तकनीक का है, इसलिए विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर प्रयोग, अवलोकन और अनुसंधान के माध्यम से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के ये छोटे-छोटे वैज्ञानिक प्रयास ही भविष्य में बड़े आविष्कारों का आधार बनते हैं। सीईओ ने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को निरंतर तराशने का आह्वान किया।
रहें उपस्थित
इस अवसर पर प्रधानाचार्य यू.सी. पाण्डेय, प्रधानाचार्या विजया पंत, जिला विज्ञान समन्वयक विनोद कुमार राठौर, विजय पांडे, डॉ. प्रभाकर जोशी, पंकज जोशी, प्रीति पांडे, धीरज कुमार और मनोज जोशी सहित विभिन्न विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।