अल्मोड़ा: सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर प्रशासन सख्त, एडीएम ने दिए शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन के निर्देश

अल्मोड़ा: महिलाओं में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय के कैंसर) की रोकथाम के लिए प्रशासन ने अब कमर कस ली है। जिस पर सोमवार को कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में एडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लक्षित वर्ग की बालिकाओं को इस टीके से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाए। एडीएम युक्ता मिश्र ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान की सफलता के लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएं। टीकाकरण को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने के लिए वैज्ञानिक जानकारी का प्रचार-प्रसार किया जाए। आम जनता तक सरल भाषा में जानकारी पहुंचाकर एक सकारात्मक माहौल तैयार किया जाए।

इनके लिए अनिवार्य है सुरक्षा चक्र

​बैठक में मौजूद प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद पांगती ने वैक्सीन की सुरक्षा और प्रभावशीलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि‌ यह वैक्सीन 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए जीवन रक्षक है और गर्भाशय के कैंसर को रोकने में पूरी तरह कारगर है।यह वैक्सीन 45 वर्ष तक की महिलाओं के लिए भी सुरक्षा प्रदान करती है। जनपद के सभी ब्लॉकों के चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करें और अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें।‌ अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान को एक मिशन की तरह लिया जाए ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूटने न पाए।

रहें उपस्थित

इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।