उत्तराखंड: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सत्र 2026-27 की राष्ट्रीय अंडर-16 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता ‘विजय मर्चेंट ट्रॉफी’ (प्लेट ग्रुप) की मेजबानी उत्तराखंड को सौंपी है।
टूर्नामेंट का आयोजन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के तत्वावधान में यह टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। जो 14 नवंबर से 15 दिसंबर तक देहरादून में खेला जाएगा। जिसमें पूर्वोत्तर भारत के छह राज्यों की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। इस प्रतियोगिता में मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, सिक्किम और मिजोरम की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बीसीसीआई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, लीग मुकाबले पांच चरणों में आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट के शुरुआती मैच 14 से 16 नवंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण के मुकाबले 19 से 21 नवंबर, तीसरे के 25 से 27 नवंबर, चौथे के 30 नवंबर से 2 दिसंबर और पांचवें चरण के मैच 6 से 8 दिसंबर तक होंगे। प्लेट ग्रुप का खिताबी मुकाबला (फाइनल) 12 से 15 दिसंबर तक खेला जाएगा।
तीन प्रमुख मैदानों का चयन
मुकाबलों के सफल आयोजन के लिए देहरादून के तीन प्रमुख मैदानों का चयन किया गया है। इनमें राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी और आयुष क्रिकेट अकादमी शामिल हैं।