उत्तराखंड: मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी पंचतत्व में विलीन; पूरे राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई, उमड़ा जनसैलाब

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी का आज बुधवार को हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान और सैन्य परंपराओं के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

देश के लिए अपूरणीय क्षति

उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने उन्हें मुखाग्नि दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दौरान सेना और पुलिस के जवानों ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर दिवंगत नेता को अंतिम सलामी दी। बीसी खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से अपने चहेते नेता को विदाई दी। इस दौरान पूरा वातावरण शोक और श्रद्धा के भाव से डूबा रहा। अंतिम संस्कार के समय विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं।‌ अंतिम संस्कार में शामिल हुए केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का जीवंत प्रतीक रहा। उन्होंने सेना के अधिकारी, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन राज्य और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

अंतिम यात्रा में उमड़ीं राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां

इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, अजय टम्टा, उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, खजान दास, राष्ट्रीय महासचिव भाजपा अजय कुमार, विधायक आदेश चौहान, विधायक प्रेम चंद्र अग्रवाल, विनोद चमोली, सुरेश गड़िया, अरविंद पाण्डे, रवि बहादुर, मेयर रुड़की अनीता देवी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, श्रीमहंत रवीन्द्र पुरी, स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।