अल्मोड़ा: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर BLO और सुपरवाइजरों का हुआ प्रशिक्षण,‌पूरी गंभीरता से सीखें एसआईआर की बारीकियां

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपादित कराने के उद्देश्य से जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ, सुपरवाइजर, बीएलए तथा अन्य संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

बैठक का आयोजन

अल्मोड़ा विधानसभा के अंतर्गत हुए प्रशिक्षण में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने प्रतिभाग किया। उन्होंने उपस्थित कार्मिकों को प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता एवं तन्मयता के साथ ग्रहण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील होते हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारियों एवं दायित्वों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। अपर जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान सभी बारीकियों को ध्यानपूर्वक समझने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान प्राप्त करने को कहा। उन्होंने मास्टर ट्रेनरों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षणार्थियों की सभी शंकाओं का समाधान किया जाए तथा उन्हें पूरी तरह प्रशिक्षित किया जाए, जिससे आगामी कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।

दी यह जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसआईआर के विभिन्न चरणों, गणना प्रपत्रों के उपयोग, अभिलेखों के संधारण तथा क्षेत्रीय कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान की गईं। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने पर विशेष बल दिया गया। जनपद की अल्मोड़ा, द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत एवं सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें संबंधित कार्मिकों ने प्रतिभाग कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।