नैनीताल: नैनीताल में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। SOG और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान अवैध हथियारों की तस्करी कर रहे एक अंतर-जनपदीय तस्कर को पकड़ा है। आरोपी के पास से 8 अवैध तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर मिली कामयाबी
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को चोरगलिया पुलिस और SOG की टीम क्षेत्र के MVR गेट पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने गलफार गेट के पास एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से भारी मात्रा में असलहे बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान रियासत (30 वर्ष), पुत्र रईस अहमद, निवासी नकुलिया, थाना सितारगंज (उधम सिंह नगर) के रूप में की है। पुलिस ने उसके पास से 02 देशी तमंचे (12 बोर) मय 06 जिंदा कारतूस व 06 देशी तमंचे (315 बोर) मय 04 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना चोरगलिया में FIR संख्या 30/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस टीम को इनाम की घोषणा
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक निधि शर्मा, SOG प्रभारी मोहन सिंह सौन सहित हेड कांस्टेबल कुन्दन सिंह, त्रिलोक सिंह और कांस्टेबल भूपेन्द्र, भारत भूषण व शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे। टीम की तत्परता और सराहनीय कार्य को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।