उत्तरकाशी: यमुनोत्री धाम में जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद पर्यटन विभाग ने कार्यदायी संस्था ‘सुलभ इंटरनेशनल’ के माध्यम से धाम और पैदल मार्ग पर जमा कूड़े को हटाने और कचरा निस्तारण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
दी यह जानकारी
जानकारी के अनुसार इसके लिए खच्चरों की मदद से कचरा नीचे लाया जा रहा है। इस संबंध में जिला पर्यटन विकास अधिकारी (DTDO) ने बताया कि जानकीचट्टी बैरियर से लेकर मुख्य मंदिर परिसर तक सफाई व्यवस्था के लिए 40 पर्यावरण मित्र और 4 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। यह टीम पूरे पैदल मार्ग पर निरंतर सफाई करने, ठोस अपशिष्ट उठाने और उसे जानकीचट्टी स्थित डंपिंग यार्ड तक पहुंचाने का काम कर रही है, ताकि तीर्थयात्रियों को प्रदूषण मुक्त और साफ-सुथरा वातावरण मिल सके।
जारी रहेगा स्वच्छता अभियान
संस्था के अनुसार, पूर्व में चलाए गए एक माह के अभियान के दौरान रोजाना करीब 15 खच्चरों के जरिए 30 कट्टों में कचरा भरकर जानकीचट्टी लाया गया। इस व्यवस्था को और गति देने के लिए 18 सितंबर से 15 अतिरिक्त खच्चरों की टोली फिर से तैनात की गई है, जो मंदिर परिसर से लगातार पूजन सामग्री व अवशेष नीचे प्रसंस्करण स्थल तक पहुंचा रही है। जिला प्रशासन ने सुलभ इंटरनेशनल को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यात्रा सत्र की समाप्ति तक स्वच्छता, कचरा एकत्रीकरण और उसके परिवहन की यह विशेष प्रणाली बिना किसी रुकावट के लगातार जारी रहनी चाहिए।