निशियो (जापान): एशियन गेम्स 2026 में आज शुक्रवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में 5 गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
शानदार प्रदर्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें मुक्केबाजी में 3, कुश्ती में 1 और तीरंदाजी में 1 स्वर्ण पदक शामिल है। इस शानदार सफलता के साथ भारत कुल 75 पदक (15 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज) जीतकर मेडल टैली में लंबी छलांग लगाते हुए 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
अंकुश और परवीन ने बॉक्सिंग में जीता पदक
पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में भारत के अंकुश पंघाल ने रिंग में अपना दबदबा बनाते हुए दक्षिण कोरिया के किम मिनसॉन्ग को मात दी और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। वहीं, महिला 65 किग्रा वर्ग में परवीन हुड्डा ने निशियो जिम्नेजियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे की स्टार मुक्केबाज चेन निएन-चिन को शिकस्त देकर गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले, भारत की स्टार महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा वर्ग के एकतरफा फाइनल में चीन की बाओ जियी को 5-0 से धूल चटाकर गोल्ड मेडल जीता।