ऊखीमठ: भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रांसी गांव में 16 वर्षों बाद ऐतिहासिक बगडवाल नृत्य आयोजित किया गया। जिसका 28 दिवसीय अनुष्ठान जीतू बगडवाल के हरण के मार्मिक प्रसंग के साथ संपन्न हो गया।
कहीं यह बात
इस मौके पर समापन अवसर पर जीतू बगडवाल के प्रेम, समर्पण, शौर्य और वीरता की गाथा के अंतिम पड़ाव का जीवंत मंचन होते ही पूरा माहौल भावुक हो उठा। जानकारी के अनुसार अंतिम दिन जीतू बगडवाल हरण का प्रसंग आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों, जागरों और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की गई इस वीरगाथा ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। बीते 28 दिनों से चल रहे इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन ने रांसी गांव सहित पूरी मदमहेश्वर घाटी को लोक संस्कृति और भक्ति के रंग में सराबोर रखा। बगडवाल नृत्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है, जिसके जरिए जीतू बगडवाल की गाथा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत रखा जाता है।
जताया आभार
इस अवसर पर राकेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन भट्ट ने कहा कि 16 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस आयोजन का होना समूची मदमहेश्वर घाटी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि 28 दिनों तक चले अनुष्ठान से नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिला। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले ग्रामीणों, प्रवासियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।