अल्मोड़ा: जागेश्वर संग्रहालय की प्रतिमाएं दिल्ली ले जाने की आशंका पर भड़का जनाक्रोश, दी चेतावनी, बिना निरीक्षण लौटी टीम

अल्मोड़ा: जागेश्वर धाम स्थित संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन और दुर्लभ प्रतिमाओं को दिल्ली ले जाने की आशंका पर शनिवार को स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया। जिस पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की विशेषज्ञ टीम के संग्रहालय पहुंचते ही पुजारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और नारेबाजी करते हुए कड़ा विरोध जताया। करीब तीन घंटे तक चली गहमागहमी के बाद प्रशासन के लिखित आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

लोगों में आक्रोश

​जानकारी के अनुसार दरअसल जागेश्वर स्थित इस संग्रहालय में वर्तमान में 64 दुर्लभ प्रतिमाएं आम लोगों की प्रदर्शनी के लिए रखी गई हैं, जबकि 150 से अधिक प्रतिमाएं स्टोर रूम में संरक्षित हैं। जागेश्वर संग्रहालय की करीब छह प्राचीन प्रतिमाओं को दिल्ली स्थित ‘युग-युगीन भारत संग्रहालय’ में प्रदर्शित करने के लिए चयनित किया गया था। इन्हीं प्रतिमाओं के पूर्व मूल्यांकन, बीमा और भौतिक स्थिति के परीक्षण के लिए शनिवार को विशेषज्ञ समिति जागेश्वर पहुंची थी। इसकी भनक लगते ही स्थानीय लोग भड़क उठे। विरोध कर रहे लोगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रतिमाओं को यहां से हटाने का प्रयास किया गया, तो व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।

भेजी रिपोर्ट
​
एएसआई देहरादून मंडल के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. मोहन चंद्र जोशी ने बताया कि विरोध के चलते निरीक्षण न हो पाने की रिपोर्ट महानिदेशक को भेज दी गई है और उनसे अग्रिम निर्देश मांगे गए हैं।
​

​”फिलहाल संग्रहालय की किसी भी प्रतिमा को स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है। विरोध के कारण समिति मूल्यांकन और भौतिक परीक्षण नहीं कर सकी। जिलाधिकारी ने स्थानीय जनभावनाओं से महानिदेशक को भी अवगत करा दिया है।”
— सौम्या गर्ब्याल, एसडीएम

​”पुरातत्व विभाग की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। हम किसी भी कीमत पर संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन प्रतिमाओं को जागेश्वर से बाहर नहीं ले जाने देंगे।”
— मुकेश चंद्र भट्ट, अध्यक्ष, व्यापार मंडल जागेश्वर धाम