उत्तराखंड: अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए।
किया गया सम्मानित
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वर्ष यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करने वाली एकमात्र नर्स उत्तराखंड की पूजा परमार राणा बनी। उत्तरकाशी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगांव में तैनात ऑक्जीलियरी नर्स मिडवाइफ (ANM) पूजा परमार राणा को यह सम्मान पिछले 15 वर्षों से दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में उनकी निस्वार्थ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिया गया है। उन्होंने यमुना घाटी क्षेत्र में पहली वैक्सीनेटर के रूप में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य किया और शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाई। दूरदराज के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में उनका विशेष योगदान रहा। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में उन्होंने सक्रिय नेतृत्व प्रदान किया।