अल्मोड़ा: एडीएम युक्ता मिश्र ने ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ जीआईसी भेंटा बड़ौली का किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश, एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

अल्मोड़ा: अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने सोमवार को विकासखंड धौलादेवी के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भेंटा बड़ौली का निरीक्षण किया।

किया निरीक्षण

राजकीय हाईस्कूल ध्याड़ी एवं राजकीय इंटर कॉलेज भेंटा बड़ौली का चयन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में किया गया है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसलिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत बच्चों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन, कक्ष-कक्षाओं, परिसर, प्रयोगशालाओं, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों एवं सम्बंधियों से वार्ता कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा विद्यालय की आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

दिए यह निर्देश

अपर जिलाधिकारी ने स्कूल के विद्यार्थियों के लिए परिवहन व्यवस्था, पर्याप्त कक्ष-कक्षाएं, प्रयोगशालाओं की उपलब्धता, विद्यालय तक पहुंच मार्ग तथा शौचालय आदि व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए। जिला शिक्षा अधिकारी रवि मेहता ने बताया कि इस इंटर कॉलेज को उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित करने का कार्य वर्ष 2025 से गतिमान है तथा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अपर जिलाधिकारी ने इस संबंध में शीघ्र सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं से संबंधित मांग पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने तथा एक सप्ताह के भीतर समस्त आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रहें उपस्थित

इस दौरान उपजिलाधिकारी जैंती /भनोली सौम्या गर्ब्याल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।