अल्मोड़ा-जिला विकास प्राधिकरण को पूरी तरह समाप्त कर स्पष्ट रूप से भवन मानचित्र स्वीकृति सम्बन्धित समस्त अधिकार नगरपालिका को देने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति ने गांधी पार्क में धरना दिया।
जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर आन्दोलनरत है जनता
इस अवसर पर समिति के संयोजक नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि पांच साल से सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले अल्मोड़े की जनता जिला विकास प्राधिकरण को समाप्त करने की मांग को लेकर आन्दोलनरत है लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार लगातार पांच साल से आन्दोलनकारियों की अनदेखी कर रही है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के द्वारा प्राधिकरण को समाप्त करने की घोषणा के बाद भी सरकार द्वारा केवल प्राधिकरण को स्थगित करने का शासनादेश जारी किया गया है जो मात्र जनता को भ्रमित करने की एक कोशिश है।उन्होंने कहा कि सरकार के इस प्राधिकरण स्थगन के शासनादेश से आज जनता में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।सरकार को शासनादेश में ये स्पष्ट करना चाहिए था कि प्राधिकरण को समाप्त किया गया है या केवल स्थगित किया गया है।श्री जोशी ने कहा कि आज उन लोगों को बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है जो अपने भवन का निर्माण करना चाहते हैं।
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को स्पष्ट आदेश के तहत पूरी तरह समाप्त करे
धरने में सभी वक्ताओं ने एकस्वर में सरकार से स्पष्ट मांग की है कि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को स्पष्ट आदेश के तहत पूरी तरह समाप्त करे तथा भवन मानचित्र स्वीकृति सम्बन्धी समस्त अधिकार नगरपालिका को वापस दे।श्री जोशी ने कहा कि जब तक प्रदेश सरकार इस जनविरोधी जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को समाप्त नहीं कर देती तब तक समिति का आन्दोलन जारी रहेगा।
ये रहे मौजूद
धरने में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी,समिति के प्रवक्ता प्रवक्ता राजीव कर्नाटक,दीपांशु पांडे,चन्द्रकान्त जोशी,हर्ष कनवाल,ललित मोहन पन्त,एम०सी०काण्डपाल, राजेन्द्र रावत,आनन्दी वर्मा,राजू गिरी,ए०एस०बगडवाल, लक्ष्मण सिंह ऐठानी,आनन्द सिंह ऐरी,सभाषद हेम चन्द्र तिवारी,सुनयना मेहरा शामिल रहे।