अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर ने बताया कि मोहान वन क्षेत्र के अंतर्गत तड़म ग्राम सभा में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के दृष्टिगत वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी, गश्त एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की टीमें क्षेत्र में कैंप कर दिन-रात सक्रिय रूप से निगरानी कर रही हैं तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
वन विभाग की टीम द्वारा गांव में घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही विद्यालयी बच्चों को वन विभाग के वाहन से सुरक्षित रूप से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भोनखाल तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन क्षेत्राधिकारी मोहन के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है। क्षेत्र में सर्च लाइट, फायर उपकरण, वायरलेस सेट एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों के माध्यम से लगातार गश्त की जा रही है। गांव में जागरूकता पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि लोग वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रह सकें। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरे, ड्रोन एवं गश्ती टीमों की सहायता से लगातार निगरानी की जा रही है। अब तक क्षेत्र में 09 पिंजरे लगाए जा चुके हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।