अल्मोड़ा: जीआईसी हवालबाग में धूमधाम से मनाई गई पंडित पंत की जयंती, 58 मेधावी व जरूरतमंद छात्रों को मिली छात्रवृत्ति

अल्मोड़ा: पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती धूमधाम से मनाई गई।

शैक्षणिक प्रोत्साहन कार्यक्रम

इस अवसर पर आयोजित शैक्षणिक प्रोत्साहन कार्यक्रम में विद्यालय के 58 जरूरतमंद एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 50 हजार रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, शिक्षाविद एवं अल्मोड़ा इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुशील चंद्र जोशी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कुमाऊं परिषद की स्थापना और कुली बेगार आंदोलन जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों में पंत जी की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य अतिथि ने जीआईसी अल्मोड़ा के पूर्व छात्र समूह द्वारा छात्रों के प्रोत्साहन के लिए की जा रही इस पहल को अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

प्रदान की छात्रवृत्ति

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल ने जानकारी दी कि पूर्व छात्र समूह पिछले 5 वर्षों से लगातार विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर रहा है। चयन प्रक्रिया के लिए शिक्षकों की एक समिति बनाई गई थी, जिसने पारदर्शी तरीके से पात्र बच्चों का चयन किया। इसके तहत
• ​कक्षा 7 व 8: ₹700 प्रति छात्र
• ​कक्षा 9 व 10: ₹800 प्रति छात्र
• ​कक्षा 11 व 12: ₹1,000 प्रति छात्र

रहें उपस्थित

पीटीए अध्यक्षा गंगा देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए पूर्व छात्र समूह का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संजय पांडे ने किया। इस अवसर पर मधन सिंह, टी.डी. भट्ट, डॉ. प्रदीप सलाल, डॉ. निर्मल कुमार पंत, धन सिंह धौनी, प्रमोद पांडे, कमलेश जोशी, सुनीता बोरा, भावना वर्मा, नवीन वर्मा, हिमांती टम्टा, भगवत सिंह बगडवाल, योगिता तिवारी, राकेश कुमार, तृप्ति बोरा और रेखा आर्या सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।