April 19, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

अल्मोड़ा के प्रसून जोशी बने उत्तराखंड के ब्रांड एंबेसडर, प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को करेंगें प्रोत्साहित

प्रसिद्ध लेखक, कवि एवं गीतकार पद्मश्री प्रसून जोशी को उत्तराखंड का ब्रांड एंबेसडर बनाया है। प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड सांस्कृतिक विरासत,तीर्थाटन धर्म संस्कृति रीति रिवाज जैसे मामले को प्रोत्साहित करने के लिए प्रसून जोशी को उत्तराखंड के एम्बेसडर के रूप में चुना है। इनकी सेवाओं के एवज में दिए जाने वाले भुगतान का अलग से आदेश जारी होगा।

सचिव संस्कृति एवं धर्मस्व की ओर से ज़ारी किया आदेश

संस्कृति निदेशालय की ओर से पद्मश्री प्रसून जोशी को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। कल शुक्रवार को सचिव संस्कृति एवं धर्मस्व हरिचंद्र सेमवाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए। उन्होंने महानिदेशक संस्कृति को भेजे पत्र में निर्देश दिए हैं कि गीतकार जोशी के साथ जल्द ही समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की कार्यवाही सुनिश्चित कर इस बारे में शासन को अवगत कराया जाए। पत्र के अनुसार जोशी के राज्य के ब्रांड एंबेसडर होने के नाते सरकार द्वारा उनकी जो भी सेवाएं ली जाएंगी और उसमें जो वित्तीय देयता होगी, उसके बारे में पृथक से निर्णय लिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा
“उत्तराखंड के गौरव, प्रख्यात कवि, गीतकार एवम् वर्तमान में फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष, ‘पद्मश्री’ श्री प्रसून जोशी को हमारी सरकार ने आधिकारिक रूप से उत्तराखण्ड का ब्राण्ड एम्बेसडर नियुक्त किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि कला, साहित्य, प्रबंधन आदि के क्षेत्र में आपके वृहद अनुभव का लाभ देवभूमि उत्तराखंड को अवश्य मिलेगा।”

अल्मोड़ा से रखते है ताल्लुक
प्रसून जोशी का जन्म उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में 16 सितंबर 1968 को हुआ था। प्रसून जोशी के पिता का नाम देवेंद्र कुमार जोशी और माता का नाम सुषमा जोशी था। प्रसून जोशी का बचपन और उनकी शिक्षा तत्कालीन उत्तर प्रदेश में हुई थी। उनके पिता उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा निदेशक थे। प्रसून जोशी ने एमएससी के बाद एमबीए की पढ़ाई की। प्रसून जोशी को तीन बार साल 2007, 2008 और 2014 में फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुका है. सुपरहिट फिल्म ‘तारे जमीन पर’ और ‘चटगांव’ में उनके काम के लिए उन्हें दो बार सर्वश्रेष्ठ गीत के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला है। गौरतलब है कि बीते 9 नवंबर ,राज्य स्थापना दिवस पर प्रसून जोशी को उत्तराखंड गौरव सम्मान मिला था।