अल्मोड़ा: मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के अनुपालन में अल्मोड़ा जिला निर्वाचन कार्यालय ने गोदामों में रखी पुरानी और निष्प्रोज्य (एक्सपायर) बैटरियों के निस्तारण की तैयारी पूरी कर ली है।
दी यह जानकारी
इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 से वर्ष 2023 तक की कुल 4,837 EVM (CU) तथा 3,212 VVPAT मशीनों के प्लास्टिक मोल्डेड बॉक्स सहित एक्सपायर पावर पैक (बैटरियों) का निस्तारण किया जाना है। यह सामग्रियां वर्तमान में जिला पंचायत भवन (धारानौला) स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के गोदाम और स्यालीधार स्थित ई०वी०एम०/वी०वी०पैट वेयरहाउस के भूतल कक्ष में रखी गई हैं। इन सभी निष्प्रोज्य बैटरियों को 27 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय, ऊधमसिंह नगर में हस्तगत कराने के लिए भेजा जाएगा।
राजनीतिक दलों से की यह अपील
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर वेयरहाउस के खुलने और बंद होने के दौरान स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।