बागेश्वर: बागेश्वर में आगामी मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन
इस बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को सतर्कता, समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिसमें जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने को कहा। उन्होंने राहत एवं बचाव उपकरणों की उपलब्धता, संचार व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सड़क मार्गों को सुचारु बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें एवं अन्य आवश्यक उपकरण तैनात रखने तथा मशीन ऑपरेटरों की अद्यतन संपर्क सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को नालियों, कलमटों तथा जल निकासी तंत्र की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को संभावित प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को संभावित आपदा प्रभावित एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आगामी छह माह हेतु आवश्यक खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिए यह निर्देश
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को संवेदनशील विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संवेदनशील शैक्षणिक संस्थानों का पूर्व आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सभी आईआरएस (Incident Response System) टीमों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने, सभी तहसीलों में कंट्रोल रूम, सैटेलाइट फोन एवं वायरलेस संचार प्रणाली को सक्रिय रखने तथा उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
रहें उपस्थित
बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।