भारतीय तीरंदाजों का विश्व चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन ,आठ गोल्ड समेत कुल 15 पदक जीते

भारतीय तीरंदाजों ने युवा विश्व चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है। पोलैंड में आयोजित इस टूर्नामेंट में भारतीय तीरंदाजों ने रिकर्व राउंड में भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए आठ गोल्ड समेत कुल 15 मेडल अपने नाम किए। महिलाओं की अंडर-18 रिकर्व स्पर्धा की पिछले साल की विजेता कोमालिका बारी ने अंडर-21 का खिताब भी अपने नाम किया। कोमालिका के अलावा भारत ने अंडर-21 रिकर्व टीम इवेंट में भी गोल्ड जीता। इसके अलावा भारत ने मिश्रित स्पर्धा का स्वर्ण भी अपने नाम किया। बिशाल चांगमई ने अंडर-18 पुरुष रिकर्व तो मंजिरी मनोज ने महिलाओं की स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

आठ स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य भारत की झोली में

भारतीय टीम अंडर-18 मिश्रित और टीम स्पर्धा दोनों प्रतियोगिताओं में चैंपियन रही। वहीं रिकर्व कैडेट महिला स्पर्धा में भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। 9-15 अगस्त तक आयोजित युवा विश्व तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारत ने कुल 15 मेडल जीते। इसमें आठ स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य भारत की झोली में आए। भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरूआत की। भारत ने 12 अगस्त तक ही कुल 10 पदक जीत लिए थे। इस बार की चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग राउंड में भारतीय खिलाड़ियों ने दो स्पर्धाओं में विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

प्रधानमंत्री ने दी बधाई

भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट किया,

व्रोक्लॉ में चल रही विश्व युवा तीरंदाजी चैम्पियनशिप में भारतीय दल ने आठ स्वर्ण समेत 15 पदक जीतकर हमें गौरवान्वित किया है। पूरी टीम को बधाई और भविष्य के लिये शुभकामनायें। उम्मीद है कि इससे युवाओं को तीरंदाजी में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी ।’’