रुद्रप्रयाग: दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए रुद्रप्रयाग प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है।
विभाग की छापेमारी
इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले के विभिन्न बाजारों में छापेमारी की और 25 खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं, वहीं अनियमितता पाए जाने पर एक मीट विक्रेता को नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) मनोज सेमवाल एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, जखोली और ऊखीमठ के मुख्य बाजारों में होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, रिटेल और होलसेल प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया।
मिठाइयों पर लिखनी होगी निर्माण व एक्सपायरी तिथि
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नवीन प्रावधानों की जानकारी दी। मिष्ठान विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि वे बिक्री के लिए रखी मिठाइयों की ट्रे पर निर्माण तिथि और उपभोग की तिथि अनिवार्य रूप से अंकित करें। इसके साथ ही दुकानों में साफ-सफाई रखने और एक्सपायर्ड सामान न बेचने की हिदायत दी गई।
25 सैंपल रुद्रपुर लैब भेजे गए
निरीक्षण के दौरान टीम ने बाजारों से सरसों का तेल, लड्डू, सोनपापड़ी, रसगुल्ला, सूजी, दलिया, चीनी, पके चावल, पकी दालें व सब्जियों के कुल 25 नमूने (सैंपल) एकत्रित किए। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक को नोटिस जारी
ऊखीमठ क्षेत्र में मीट दुकानों के संबंध में शिकायतें मिलने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सत्येंद्र यादव के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर एक मीट विक्रेता को कड़ी चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया। साथ ही सभी मीट व्यवसायियों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही कारोबार करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।