चमोली में 74वें ऐतिहासिक गौचर मेले का भव्य आगाज, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

​चमोली: चमोली जनपद के गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हुआ।

सीएम ने किया उद्घाटन

इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय इस प्रसिद्ध मेले का उद्घाटन किया। जानकारी के अनुसार गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सीएम धामी ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोक संस्कृति के अनूठे रंग बिखेरे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।
​

​ऐतिहासिक विरासत और व्यापार का प्रमुख केंद्र- सीएम

मेले का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन कभी भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। समय के साथ इसका विस्तार हुआ और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में देश भर में अपनी पहचान बना चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयंसहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का बेहतरीन मंच प्रदान करता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का एक सशक्त माध्यम है।
​