हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार शाम खुफिया ब्यूरो (आईबी) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सीपी नौटियाल को उनके ही कार चालक ने गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गए।
चालक गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वारदात कनखल क्षेत्र में शाम के वक्त उस समय हुई, जब एसपी सीपी नौटियाल कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके और चालक विक्रम नेगी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर चालक ने कथित तौर पर तमंचे से नौटियाल पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गए। वहीं गोली लगने के बाद नौटियाल को तत्काल कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर है। बेहतर इलाज व आगे की जांच के लिए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
की जा रही जांच
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके पास से तमंचा बरामद कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। एसएसपी भुल्लर के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। विवाद और गोलीबारी के पीछे की असल वजह का अभी खुलासा नहीं हो सका है।