उत्तराखंड: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रसिद्ध चारधाम तीर्थ स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है।
पुलिस अलर्ट मोड पर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में अंबाला (हरियाणा) के एक युवक का नाम सामने आने के बाद देश की शीर्ष सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच के अनुसार, धमकी भरे संदेश उत्तराखंड के कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए, जिनमें मसूरी नगर पालिका कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, मसूरी, हरिद्वार नगर निगम शामिल हैं। धमकी भरे संदेशों में केदारनाथ, बद्रीनाथ, ऋषिकेश और हरिद्वार जैसे देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आईईडी (IED) और कार बम के जरिए विस्फोट करने का दावा किया गया है। इन ईमेल में कथित तौर पर ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम इस्तेमाल किया गया है। संदेश में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
तलाश जारी
इसके साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘jaspreet.devil’ नामक अकाउंट से उत्तराखंड पुलिस को खुली चुनौती दी गई। इस पोस्ट में 25 जून 2026 को राज्य के थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। उत्तराखंड पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह को नामजद करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।