उत्तराखंड: अब नई पहचान के साथ नजर आएगी उत्तराखंड पुलिस: नया ध्वज, प्रतीक चिह्न और सेरेमोनियल वर्दी लॉन्च, 6 नवंबर को मिलेगा ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’

​उत्तराखंड: उत्तराखंड पुलिस अब एक नए रूप और नई पहचान के साथ नजर आएगी। राज्य सरकार ने पुलिस बल के ध्वज से लेकर अधिकारियों और जवानों की वर्दी और प्रतीक चिह्नों में बड़ा बदलाव किया है।

किया जाएगा सम्मानित

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का आधिकारिक अनावरण किया। वहीं आगामी 6 नवंबर को उत्तराखंड पुलिस को उसकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए देश के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’  से सम्मानित किया जाएगा। इस दिन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह पुलिस बल को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह के दौरान पुलिस के जवान अपनी नई सेरेमोनियल वर्दी में भव्य परेड में हिस्सा लेंगे।
​
​नया पुलिस ध्वज और प्रतीक चिह्न

• ​गहरा नीला ध्वज: उत्तराखंड पुलिस के पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज ध्वज को बदलकर अब गहरे नीले रंग का नया ध्वज लाया गया है। इसके किनारों पर लाल और सुनहरे रंग की पट्टी दी गई है, और बीच में नया पुलिस प्रतीक चिह्न सुशोभित है।
• ​नए प्रतीक चिह्न के मायने: नए लोगो में राष्ट्रीय प्रतीक ‘अशोक स्तंभ’ और ‘सत्यमेव जयते’ के साथ स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। यह डिजाइन सत्य, न्याय, उत्कृष्टता, राष्ट्रीय गौरव और उत्तराखंड की भौगोलिक पहचान को दर्शाता है।
•  ​नया ध्येय वाक्य: पुलिस का नया मोटो (ध्येय वाक्य) ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ तय किया गया है, जो कर्तव्य, सच्चाई और साहस का संदेश देता है।


​खाकी बरकरार, सेरेमोनियल वर्दी बदली

​पुलिस की पारंपरिक खाकी वर्दी पहले की तरह ही बरकरार रहेगी, लेकिन खास अवसरों पर पहनी जाने वाली सेरेमोनियल वर्दी को पूरी तरह नया और आकर्षक रूप दिया गया है। इसमें बहुरंगी सैश (Sash), अलंकरण और परेड के लिए विशेष साज-सामान को जोड़ा गया है। इसके अलावा अधिकारियों और जवानों की कैप, कंधे और कॉलर पर लगने वाले इंसिग्निया और क्रेस्ट भी नए प्रतीक चिह्न के मुताबिक ही तैयार किए गए हैं।
​