देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर भव्य ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ समारोह का आयोजन किया जाएगा।
समारोह का आयोजन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस समारोह में राष्ट्रीय परेड में उत्तराखंड की विशेष झांकी “अष्ट तत्व और एकता” आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। गृह मंत्रालय (MHA) की विशेषज्ञ समिति द्वारा कड़े मूल्यांकन और कई दौर की वार्ता के बाद देश के आठ चुने हुए राज्यों में उत्तराखंड की इस झांकी का चयन किया गया है।
झांकी में दिखेगी देवभूमि की दिव्यता
रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तराखंड सूचना विभाग के अनुसार, “अष्ट तत्व और एकता” विषय पर आधारित यह झांकी देवभूमि के आठ प्रमुख तत्वों के तालमेल और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करेगी। इसमें राज्य के पवित्र धार्मिक स्थलों, अलौकिक प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ टिकाऊ और समग्र विकास के प्रति उत्तराखंड के आधुनिक दृष्टिकोण की झलक देखने को मिलेगी। परेड के दौरान उत्तराखंड के लोक कलाकारों का एक 14-सदस्यीय दल राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं पर आधारित पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत करेगा।