नैनीताल: घास लेने जंगल गई महिला को वन्य जीव ने बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत




नैनीताल: नैनीताल जनपद के ज्योली गांव में बुधवार को घास लेने जंगल गई एक महिला पर हिंसक वन्य जीव ने हमला कर दिया। जिसमें महिला की मौत हो गई।


गुलदार का आतंक


मिली जानकारी के अनुसार ज्योली गांव निवासी हेमा पांडे (48 वर्ष) बुधवार सुबह 10 बजे अन्य महिलाओं के साथ चारा लेने जंगल गई थीं। दोपहर दो बजे अन्य महिलाएं तो घर लौट आईं, लेकिन हेमा वापस नहीं पहुंचीं। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा तलाश करने पर गांव से करीब ढाई किमी दूर जंगल में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।


रेस्क्यू में आई दिक्कतें

खड़ी चढ़ाई और दुर्गम रास्ता होने के कारण ग्रामीण घंटों की मशक्कत के बाद भी शव को गांव तक लाने में संघर्ष करते रहे। मृतका के पति दोगांव के एक रेस्टोरेंट में कार्यरत हैं, उनके एक पुत्र व एक पुत्री है। ग्राम प्रधान शेखर भट्ट और ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं है कि हमलावर बाघ है या गुलदार, लेकिन ग्रामीणों ने वन्य जीव को आदमखोर घोषित करने की मांग की है।