अल्मोड़ा: सफलता की कहानी: स्प्रिंकलर आधारित पारथोला लिफ्ट सिंचाई योजना से संवरी किसानों की तकदीर, बढ़ी कृषि आय

अल्मोड़ा: पर्वतीय क्षेत्र में विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सिंचाई की चुनौती का सामना कर रहे अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे क्षेत्र स्थित ग्राम पारथोला के किसानों के लिए एक राहत भरी खबर है।

किसानों को राहत

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत नाबार्ड मद से निर्मित ‘पारथोला स्प्रिंकलर आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना’ के सफल संचालन से अब ग्रामीणों के सूखे पड़े खेतों तक पानी पहुंच गया है, जिससे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को एक नया जीवन मिला है। जिसमें लघु डाल खंड, अल्मोड़ा द्वारा लगभग ₹192.63 लाख की लागत से तैयार की गई इस महत्त्वाकांक्षी योजना के तहत रामगंगा नदी से लगभग 192 मीटर की ऊंचाई तक आधुनिक तकनीक के जरिए पानी लिफ्ट किया जा रहा है। दुर्गम और ढलानदार पर्वतीय भूभाग में इतनी ऊंचाई पर पानी पहुंचाना एक बड़ी तकनीकी चुनौती थी, जिसे विभाग ने सफलतापूर्वक हल कर दिखाया है।

इन खेतों में फिर से शुरू हुई खेती

योजना के धरातल पर उतरने से पहले किसान पूरी तरह से मानसूनी बारिश पर निर्भर थे, जिसके चलते कई बार खेतों को खाली छोड़ना पड़ता था। सिंचाई की इस नई सुविधा के बाद वर्षों से खाली और बंजर पड़े खेतों में पुनः लहलहाती फसलें दिखाई देने लगी हैं। किसान अब पारंपरिक अनाज के अलावा नकदी फसलों जैसे सब्जियां, मसाले और औषधीय पौधे उगाने लगे हैं। समय पर सिंचाई मिलने से कृषि उत्पादन और किसानों की आय में निरंतर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।‌ यह स्प्रिंकलर लिफ्ट सिंचाई योजना पर्वतीय क्षेत्रों में जल संरक्षण और आधुनिक सिंचाई तकनीक के प्रभावी प्रयोग का एक अनूठा उदाहरण बन गई है।